खुटार। होली के दिन मोहल्ला सरोजनीनगर में एक महिला नेता के प्रतिनिधि ने बाइक हटाने के विवाद में फायरिंग कर दी। इससे मोहल्ले में खलबली मच गई। पुलिस ने होली का हवाला देते हुए रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
सरोजनीनगर के राजेश कुमार देवा एक स्कूल चलाते हैं। देवा के अनुसार, चार मार्च को उनकी बाइक घर के बाहर खड़ी थी। इस बीच एक महिला नेता के प्रतिनिधि अपनी गाड़ी से उधर से निकले। वाहन का हार्न सुनकर वह बाइक हटाने लगे तो प्रतिनिधि गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उन पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। निशाना चूकने से वह बच गए।
आरोपी ने दो हवाई फायर भी किए। जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन थाना प्रभारी ने होली के बाद कार्रवाई की बात कहते हुए रिपोर्ट दर्ज नहीं की। बृहस्पतिवार को पुलिस की होली की बात कहते हुए कार्रवाई नहीं की गई। थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। कार निकालते समय बाइक सामने रास्ते में खड़ी थी। हार्न बजाने पर भी किसी के नहीं आने पर कार सवार बाइक हटाकर चले गए थे।
जांच में पाया गया है कि घटना के समय राजेश कुमार घर पर ही नहीं थे। पुलिस की जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है।
-प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां