शाहजहांपुर के पुवायां में हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज वकीलों ने बृहस्पतिवार को क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। उन्होंने तहसील परिसर में सभी दफ्तरों में ताले लगा दिए, जिससे कामकाज भी ठप हो गया।
शाहजहांपुर के पुवायां में तहसील बार एसोसिएशन के महामंत्री कुमार गौरव शुक्ला पर हमला करने के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर वकीलों ने बृहस्पतिवार को तहसील के सभी कार्यालय बंद करा दिए। तहसील परिसर में क्रमिक अनशन शुरू कर दिया।
विज्ञापन
17 नवंबर को तहसील बार एसोसिएशन के महामंत्री कुमार गौरव शुक्ला पर बंडा में कुछ लोगों ने जानलेवा हमला किया था। वकीलों का आरोप है कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज न कर मनमानी रिपोर्ट दर्ज कर ली थी और आरोपियों को गिरफ्तार भी नहीं किया है।
न्यायिक कार्य नहीं करेंगे वकील
तहसील बार एसोसिएशन की 25 नवंबर को हुई बैठक में तय किया गया कि एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल 26 नवंबर को एसपी से मिलकर रिपोर्ट को सही धाराओं में तरमीम करने की मांग करेगा, इसके बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो एसडीएम कार्यालय के सामने क्रमिक अनशन शुरू कर दिया जाएगा। यह प्रस्ताव भी पास किया गया कि दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर वकील न्यायिक कार्य नहीं करेंगे।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को वकीलों ने एकजुट होकर तहसील के सभी दफ्तरों में ताले बंद करा दिए और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अनशन पर बैठ गए। इस दौरान अध्यक्ष सुनील पाठक, महामंत्री कुमार गौरव शुक्ला, विजय वर्मा, सुधीर त्रिवेदी, अग्निवेश शुक्ला, अवनीश गुप्ता सहित तमाम वकील मौजूद रहे।