शाहजहांपुर। एसएस लॉ कॉलेज में विधि छात्रों की सेमेस्टर परीक्षा का शेड्यूल विश्वविद्यालय ने जारी कर दिया है। वहीं प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथि भी आ गई। कॉलेज में परीक्षा शेड्यूल बोर्ड पर चस्पा कर दिया गया है।
लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जयशंकर ओझा ने बताया कि विश्वविद्यालय ने सेमेस्टर परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षा दस से 20 जून के मध्य कराईं जाएंगी। परीक्षा पूर्व की तरह पारदर्शितापूर्ण व नकलविहीन कराईं जाएंगी। इसी तरह प्रयोगात्मक परीक्षा की तिथि भी कॉलेज को प्राप्त हो गई। यह 25 जून तक पूरी कराई जानी हैं। आंतरिक प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक पोर्टल पर अंकित किए जाएंगे।
प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकरण की चल रही प्रक्रिया
लॉ कॉलेज में बीए एलएलबी पांच वर्षीय कोर्स में 180 सीट ओबीसी, एससी व जनरल वर्ग के लिए हैं। 18 सीटें आर्थिक रूप से पिछड़े छात्रों के लिए आरक्षित हैं। स्नातक के बाद होने वाले एलएलबी तीन वर्ष कोर्स में तीन सौ और एलएलएम में 22 सीटें हैं। प्राचार्य ने बताया कि प्रवेश के लिए प्रक्रिया गतिमान हैं। छात्र-छात्राओं की मेरिट सूची बनाने के बाद प्रवेश को लिया जाएगा।