शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के सामाजिक विज्ञान अनुसंधान में उपयोग और संभावनाओं पर केंद्रित पुस्तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन सोशल साइंस रिसर्च : मेथड्स, एप्लीकेशंस एंड चैलेंजेज का कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने विमोचन किया।
पुस्तक का संपादन बदायूं के नेहरू मेमोरियल शिवनारायण दास कॉलेज के डॉ. प्रवेंद्र दीक्षित और कैप्टन संतोष कुमार सिंह ने किया है। पुस्तक में एआई और सामाजिक विज्ञान अनुसंधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर शोध कार्य शामिल हैं। प्राप्त 27 शोधपत्रों में से 10 का चयन कर पुस्तक में प्रकाशित किया गया है।
कुलपति ने कहा कि एआई, शिक्षा और अनुसंधान समेत विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर पैदा कर रहा है। शोध की गुणवत्ता और विश्लेषण क्षमता बढ़ाने में इसका उपयोग महत्वपूर्ण है। हालांकि शोधकर्ताओं को अकादमिक नैतिकता, मौलिकता और तथ्यपरकता का ध्यान रखना होगा। वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. अनुराग अग्रवाल ने पुस्तक को शोधार्थियों और शिक्षकों के लिए उपयोगी संदर्भ सामग्री बताया। संवाद