मिर्जापुर में बंबू क्रेट लगाते लोग। स्रोत : जागरूक पाठक
मिर्जापुर। सिंचाई विभाग के प्रयासों के बावजूद पहाड़पुर गांव में रामगंगा नदी से हो रहा भूमि कटान थम नहीं रहा है। कटान वाले हिस्से में बंबू क्रेट की अस्थायी ठोकरें भी तेज बहाव से तिरछी हो गईं हैं। इस कारण गांव के समीप नदी की धारा को मोड़ने में दिक्कत आ रही है।
नदी का प्रवाह गांव के संपर्क मार्ग के करीब से हो रहा है। अब नदी और गांव के बीच केवल सड़क का फासला बचा है। पूर्व प्रधान ब्रजेंद्र सिंह ने बताया कि लगातार भूमि कटान हो रहा है। हालांकि, बंबू क्रेट में ईंटों से भरे जियो बैग डाले जाने के बाद कटान की रफ्तार कुछ कम हुई है, लेकिन नदी के तेज बहाव से गांव के लोग भयभीत हैं।
गांव की सड़क के किनारे की पटरी को नदी ने काट दिया है। तमाम खेतों की मिट्टी भी बह चुकी है। अब सड़क गांव के लिए बांध का काम कर रही है। उनका कहना है कि सड़क कटने की दशा में गांव के आबादी क्षेत्र में भूमि कटान शुरू होने की आशंका है। सिंचाई विभाग के अभियंताओं ने रविवार को मौके पर पहुंचकर कार्य की समीक्षा की और ठेकेदार को अस्थायी ठोकरें तेजी से बनाने के निर्देश दिए।