निगोही (शाहजहांपुर)। कनाडा भेजने के नाम पर एक युवक से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। युवक ने रुपये मांगने पर धमकाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
गांव डेलखेड़ा निवासी शोएब खां ने पुलिस को बताया कि उनका पासपोर्ट दो साल पूर्व बना था। जुलाई में उनकी मुलाकात पीलीभीत जिले के करेली थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति से हुई। उसने अपने साले व बंडा के एक युवक से पहचान कराई। दोनों ने उसे कनाडा का वर्क वीजा से नौकरी लगवाकर लाखों रुपये कमाने के सपने दिखाए।
विश्वास होने पर 3,50,000 रुपये नकद व 6,50,000 रुपये ऑनलाइन भेज दिए। 28 अक्तूबर को उसे दिल्ली बुलाया गया। कहा कि उसका कनाडा का वीजा और फ्लाइट तैयार है। हवाई जहाज नई दिल्ली से कनाडा जाएगा। वहां एयरलाइन अधिकारियों ने टिकट और वीजा फर्जी बताकर बाहर निकाल दिया। इसके बाद आरोपियों से संपर्क किया तो उन्होंने टालमटोल शुरू कर दी।
काफी दबाव बनाने के बाद 50 हजार रुपये लौटाए। बाकी रुपये मांगने पर दोनों गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।