शाहजहांपुर में रिक्शा चालक लईक को सम्मानित करते अहसास वेलफेयर व वीआईपी ग्रुप के पदाधिकारी
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। 14 हजार रुपयों से भरी थैली लौटाने वाले रिक्शा चालक लईक को उनकी ईमानदारी के लिए शनिवार को सम्मानित किया गया। अहसास वेलफेयर सोसायटी और वीआइपी ग्रुप की ओर से लईक को फूलमाला पहनाकर व उपहार देकर सम्मानित किया। लईक के मोहल्ले वालों ने भी उनका स्वागत किया। सम्मान से अभिभूत लईक की आंखें भर आईं।
मोहल्ला जंगला निवासी लईक लीड कॉन्वेंट स्कूल के बच्चों को रिक्शा से लाते-ले जाते हैं। शुक्रवार को उन्हें रंगीनचौपाल मोहल्ले के पास 14 हजार रुपये से भरी एक थैली मिली थी। उन्होंने ईमानदारी का परिचय देकर थैली स्कूल संचालिका तराना जमाल व निदेशक मोहम्मद जमाल को दे दी। सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलने पर थैली के मालिक मोहल्ला मदराखेल निवासी कृष्ण गोपाल भारद्वाज ने संपर्क किया।
शनिवार को लईक ने थैली कृष्ण गोपाल को वापस कर दी। कृष्ण गोपाल ने लईक को एक हजार रुपये सम्मान स्वरूप भेंट किए। इसके अलावा वीआईपी ग्रुप के क्रियेटर अभिनय गुप्ता, शहनवाज खां, सचिन बाथम, विकास भारती, अनूप कुमार ने 2500 रुपये व शॉल ओढ़ाकर लईक को सम्मानित किया। अहसास वेलफेयर सोसाइटी के फहीम खान, मोहम्मद अमीर, शहजाद, सईद अंसारी, आरिफ खान ने भी उनका सम्मान किया। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महानगर अध्यक्ष सचिन बाथम ने भी सोमवार को सम्मानित करने की घोषणा की है।