भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर जिला पूर्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि पूर्ति निरीक्षक की शह पर कोटेदार राशनकार्ड धारकों को राशन नहीं दे रहे हैं। विरोध करने पर एक कोटेदार ने तो राशनकार्ड ही फाड़ दिए। इससे गुस्साए कार्डधारकों ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया और पूर्ति विभाग का पुतला फूंका। साथ ही डीएम को ज्ञापन देकर इस मामले में कार्रवाई करने की मांग भी की।
भाजपा अल्पसंख्यक कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राशन कार्डधारक विजय कश्यप और हरीश कश्यप के कार्ड फाड़ दिए। कहा कि पूर्ति निरीक्षक की साठगांठ से शहर के कोटेदार नए वर्ष 2014 में बने राशनकार्डों पर गल्ला आवंटन नहीं कर रहे हैं। गल्ला की मांग करने वाले राशनकार्डधारकों से कोटेदार गालीगलौज भी करते हैं।
इसके साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला पूर्ति अधिकारी पर धनराशि वसूली करने का आरोप लगाया। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने पूर्ति विभाग का पुतला खिरनीबाग चौराहा पर फूंक दिया। पुतला फूंकने वालों में तस्लीम लगारी, मुबश्शिर आलम, जमीर हसन, मोहम्मद शोएब, पप्पू, जाबिर, लियाकत खां, शाहिद अंसारी, अनीस, नफीस खां आदि मौजूद रहे।