जलालाबाद में कोलाघाट पुल से पहले लगा गायब हुआ हाइटगेज। संवाद
जलालाबाद। कोलाघाट के पुराने पुल पर भारी वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए ठीक पहले लगाया गया हाइटगेज सोमवार की रात किसी ओवरलोड वाहन की टक्कर लगने से टूटकर गिर गया। इसके अलावा सड़क के दोनों किनारों पर लगाए गए लोहे के एंगल भी क्षतिग्रस्त हो गए।
कोलाघाट के पुराने पुल से अभी केवल दोपहिया और चार पहिया छोटे वाहनों को निकलने की अनुमति दी गई है। अनाज और गन्ने की ढुलाई करने वाले ट्रक, ट्रैक्टर ट्रालियां आदि भारी वाहन फर्रुखाबाद के अमृतपुर, राजेपुर होकर कलान, मिर्जापुर तक जा रहे हैं। भारी वाहन पुल पर नही जा सकें, इसके लिए लोनिवि ने पुल के दोनों ओर हाइटगेज लगाए हैं।
इससे पहले भी पुल के दोनों ओर लगे हाइटगेज कई बार टूट चुके हैं। हाइटगेज बार-बार टूटने से बचाने के लिए उनके स्थान पर न तो नए हाइटगेज लगाए जा रहे हैं और न ही वहां से निकलने वाले छोटे ओवरलोड वाहनों को रोकने का कोई कारगर उपाय किया गया है। बार-बार मरम्मत कर पुराने हाइटगेज लगा देने से किसी भी दिन उनके भारी-भरकम एंगल किसी वाहन पर गिरकर गंभीर हादसे की वजह बन सकते हैं।
गत नौ नवंबर को पुल से ओवरलोड वाहन निकालने के दौरान उसके दोनों ओर लगे हाइटगेज टूट गए थे। कुछ दिन पहले एक हाइटगेज का एंगल रात में किसी वाहन के टकरा जाने से क्षतिग्रस्त हो गया। यह गनीमत रही कि इस दौरान ऊपरी एंगल नहीं गिरा, अन्यथा वाहन चालक के साथ कोई हादसा हो सकता था।
कोलाघाट पुल पर हाइटगेज टूटने की जानकारी नहीं है। इस संबंध में सेतु निगम के अधिकारियों से बात कर वहां स्थायी व्यवस्था कराई जाएगी।
-अनुराग दुबे, तहसीलदार, जलालाबाद