शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र के गांव कमलनयनपुर निवासी रामहीस (55) ने सोमवार की दोपहर लाइसेंसी बंदूक से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उनका शव कमरे में पड़ा मिला है। परिजन उसे मानसिक रोगी बता रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खेतीबाड़ी करने वाले रामरहीस की पत्नी सुनीता की सात साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार में दो बेटियां मानसी और प्रियांशी हैं। सोमवार की दोपहर दोनों बेटियां बरामदे में थीं। पिता रामरहीस कमरे में थे। 12 बजे रामरहीस ने लाइसेंसी बंदूक को कनपटी पर सटाकर गोली चला दी। उनकी मौके पर मौत हो गई।
आवाज सुनकर दोनों बेटियां कमरे की ओर दौड़ीं तो पिता का शव देखकर सुधबुध खो बैठीं। इस बीच आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। उन्होंने थाने पर सूचना दी। इंस्पेक्टर धीरेंद्र चौहान मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने आसपास के लोगों से बयान भी दर्ज किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों से पूछताछ की गई है। रामरहीस का मानसिक संतुलन ठीक न होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-अमित चौरसिया, सीओ सदर