खुटार में अफीम के साथ पकड़े गए आरोपी। स्रोत : पुलिस
खुटार। पुलिस ने दो तस्करों को 600 ग्राम से अधिक अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों खुदागंज से अफीम लाकर खुटार में बिक्री करने आए थे।
थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि 25 फरवरी की शाम दरोगा अंकुर कुमार गश्त पर थे। इस दौरान एक सूचना के आधार पर खुटार-बंडा रोड पर गांव सौंफरी के ओवरब्रिज के पास बाइक से आ रहे दो संदिग्ध लोगों को रोका। तलाशी में लखीमपुर के कस्बा उचौलिया निवासी आशीष गुप्ता के पास से 356 ग्राम और मीरानपुर कटरा के गांव सहजना के ज्ञानेंद्र शर्मा के पास से 258 ग्राम अफीम बरामद हुई।
आरोपियों ने बताया कि वे अफीम खरीदकर फुटकर में बेचते हैं। दोनों लोग खुदागंज के विक्रम से 75 हजार रुपये में अफीम खरीदकर लाए थे और खुटार के तिकुनियां चौराहे पर सुमित को बेचना चाहते थे। विक्रम उनको तिलहर चीनी मिल के पास मिलकर अफीम देता था। दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है। कोर्ट से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।