स्थानीय पुलिस ने बुधवार रात प्रतिबंधित पशुओं से भरा ट्रक पकड़ लिया है। उसमें 21 पशु मिले हैं। अज्ञात लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एसओ राजेश सिंह ने बताया कि बुधवार शाम सूचना मिली थी कि रात में गोला की ओर से प्रतिबंधित पशुओं से भरा ट्रक पूरनपुर की ओर जाएगा। सूचना पर वह तिकुनियां चौराहे पर टीम के साथ वाहनों की चेकिंग करने लगे। रात लगभग ढाई बजे एक ट्रक के चालक को रुकने का इशारा किया गया तो उसने ट्रक को भगाना शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने ट्रक का पीछा करने के साथ ही पूरनपुर रोड पर गश्त कर रही दूसरी टीम से भी ट्रक की घेराबंदी करने को कहा। दोनों ओर से घिरने पर चालक ट्रक को लौंगापुर के पास जंगल में छोड़कर भाग निकला। पुलिस ट्रक को थाने लाई तो उसमें 21 प्रतिबंधित पशु भरे मिले। पशुओं का उपचार कराने के बाद उन्हें सुपुर्दगी में दे दिया गया। पुलिस ने ट्रक को सीजकर दिया है। ट्रक स्वामी के बारे में जानकारी की जा रही है। अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।