चेयरमैन तनवीर खां ने नगरपालिका परिषद की ओर से कराए जा रहे अंटा चौराहे की पुलिया के विस्तारीकरण कार्य का बृहस्पतिवार को मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने सहायक अभियंता को जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए पुरानी पुलिया की डाट हटाकर वहां आरसीसी स्लैब डालने केनिर्देश दिए।
निरीक्षण मेें चेयरमैन ने पाया कि पूर्व निर्मित पुलिया की डाट सड़क के तल से काफी नीची है और इसी वजह से वहां बरसात में पानी न निकलने से जलभराव हो जाता है। इस कमी को दूर करने के लिए उन्होंने सहायक अभियंता राजेंद्र श्रीवास्तव को पुलिया आरसीसी स्लैब पर तैयार कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने नागरिकों से मुखातिब होकर कहा कि 13.53 लाख की लागत से पुलिया के दोनों ओर ह्यूम पाइप डालकर जल निकासी की अतिरिक्त व्यवस्था कराई जा रही है।
चेयरमैन ने मुख्य सफाई निरीक्षक को निर्माण कार्य पूरा होने के बाद नाला और पुलिया की तली-झाड़ सफाई कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर अवर अभियंता एसके कनौजिया, जलकल प्रभरी राजेश अस्थाना, हामिद खां, मनोज कुमार, अजय मोहन शुक्ला आदि चेयरमैन के साथ मौजूद रहे।