शाहजहांपुर। अटेवा पुरानी पेंशन बचाओ मंच के तत्वावधान में अटेवा प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, रोजा में तीन मैच खेले गए। पहला मुकाबला काफी रोमांचक रहा। जिसमें खुदागंज क्लब विजयी रहा।
पहला मैच सुबह आठ बजे जीआईसी क्रिकेट क्लब व खुदागंज क्रिकेट क्लब के मध्य खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जीआईसी क्रिकेट क्लब ने 124 रन बनाए। इसके जवाब में खुदागंज क्रिकेट क्लब ने आठ गेंद शेष रहते चार विकेट से मैच जीत लिया। प्लेयर आफ द मैच डाॅ.इजहार अली चुने गए। उन्होंने 39 गेंदों पर 75 रनों की पारी खेली।
दूसरा मैच केवी वॉरियर्स व रॉयल चैलेंजर कलान के बीच खेला गया। रॉयल चैलेंजर्स ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए केवी वॉरियर्स को 77 रनों पर ऑल आउट कर दिया। जवाब में रॉयल चैलेंजर्स टीम ने 10वें ओवर में जीत हासिल कर ली। मैच में प्लेयर ऑफ द मैच रॉयल चैलेंजर कलान के सौरव गुप्ता रहे। उन्होंने 18 रन देकर चार विकेट लिए।
तीसरा मैच कटरा किंग्स एवं माध्यमिक स्टार्स के मध्य खेला गया। इसमें माध्यमिक स्टार्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 108 रन आठ विकेट खोकर बनाएं। जवाब में उतरी कटरा सुपर किंग ने 13वें ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। इस मैच के प्लेयर ऑफ द मैच दिव्यांश सिंह रहे। उन्होंने 28 गेंदों में शानदार 44 रन बनाए।