फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: लोधीपुर में घरों के बाहर दस्तक दे रही खन्नौत, गर्रा में 15 सेमी बढ़ा जलस्तर

विज्ञापन
लोधीपुर क्षेत्र में घरों के पास तक पहुंच रहा खन्नौत नदी का पानी। संवाद
विज्ञापन
शाहजहांपुर। जनपद और आसपास लगातार हो रही बारिश से उफनाई खन्नौत नदी ने लोधीपुर के तटीय इलाकों में घरों के आगे दस्तक देकर बाढ़ के खतरे की घंटी बजा दी है। हालांकि, बीते 24 घंटे से खन्नौत का जलस्तर 144.80 मीटरगेज पर स्थिर है, लेकिन बाढ़ की स्थिति में राहत और बचाव कार्य के लिए प्रशासन ने शनिवार को लोधीपुर में खन्नौत पुल के पास एक मोटर बोट पहुंचा दी है। शहर के पश्चिमी छोर पर बह रही गर्रा का जलस्तर 15 सेमी बढ़कर 145.15 मीटरगेज हो गया है। तेजी से फैलाव ले रही गर्रा तटीय क्षेत्र के खेतों से आगे बढ़ आई है।
विज्ञापन

यह दोनों नदियां शहर से करीब पांच-छह किमी आगे दनियापुर गांव के पास एक हो जाती हैं। इसलिए इनमें किसी एक नदी में उफान बढ़ने का सीधा असर दूसरी नदी के जलस्तर पर पड़ता है। यही वजह है कि खन्नौत का जलस्तर स्थिर होने पर भी प्रशासन उसके तटीय क्षेत्रों में नदी पर पैनी नजर रखे हुए है। यह सतर्कता स्वाभाविक भी है क्योंकि गर्रा खतरे के निशान से अभी 3.65 मीटरगेज दूर है, जबकि खन्नौत खतरे के निशान से सिर्फ 0.95 मीटरगेज के फासले पर बह रही है।
लगातार बारिश से बरसात का पानी समेटकर ला रही खन्नौत में उफान बढ़ने के आसार हैं। गनीमत है कि अभी गर्रा में ड्यूनी डाम से सिर्फ 556 क्यूसेक तो कठिना नदी से 3100 क्यूसेक पानी पास हुआ है। ड्यूनी डाम से पानी की निकासी बढ़ने की दशा में गर्रा के तटीय इलाके ककरा कलां से लेकर सुभाषनगर तक बाढ़ का असर दिख सकता है।
विज्ञापन

लोधीपुुर में खन्नौत पुल के पास नदी के बहाव क्षेत्र में जिन लोगों ने मकान बना लिए हैं, वह पानी से घिर जाने के कारण एक बार फिर मुसीबत में आ गए हैं। कई घरों के आगे घुटनों से ऊपर पानी आ जाने से आवागमन बाधित होने लगा है। हनुमत धाम और आगे दलेलगंज की नई बस्ती के करीब खन्नौत का पानी पहुंच चुका है।

बानपुर और भरतौली में रामगंगा से कटने लगी जमीनें
अल्हागंज। लगातार बारिश के कारण उफनाई रामगंगा नदी से क्षेत्र के बानपुर और भरतौली सहित कई अन्य गांवों के आसपास उपजाऊ जमीनें कटने लगी हैं। इससे ग्रामीणों में दहशत है और उन्होंने प्रशासन से समय रहते बाढ़ से सुरक्षा और भूमि कटान रोकने के इंतजाम करने की मांग की है। गांव वालों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वह प्रशासन को प्रार्थनापत्र देकर नदी के किनारे तटबंध बनाए जाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक बाढ़ से स्थायी बचाव की कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। संवाद

जनपद की सभी नदियों में लगातार हो रही बारिश के कारण पानी बढ़ रहा है, लेकिन अभी बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। सभी नदियां खतरे के निशान से काफी फासला बनाए हुए हैं। बांधों-बैराजो से भी बहुत सीमित मात्रा में पानी पास हो रहा है। गंगा की बाढ़ थामने के लिए भैंसार गांव में बने बांध के उन सभी हिस्सों की मरम्मत का काम करा दिया गया है।
-सुनील कुमार भास्कर, अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग (शारदा नहर खंड)

लोधीपुर क्षेत्र में घरों के पास तक पहुंच रहा खन्नौत नदी का पानी। संवाद

लोधीपुर क्षेत्र में घरों के पास तक पहुंच रहा खन्नौत नदी का पानी। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें