अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद की स्वाभिमान यात्रा का शहर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। गांधी भवन में हुए स्वागत समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमंत गुप्ता ने कहा कि स्वाभिमान रथ यात्रा का उद्देश्य वैश्य बंधुओं में चेतना जागृत कर उन्हें एक मंच पर लाना है। यात्रा के माध्यम से वह समाज के लोगों को उनके कर्तव्यों का अहसास करा रहे हैं, ताकि राजनीति में भी उनकी भागीदारी बढ़ सके।
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में वैश्य समाज लगभग 17 प्रतिशत हैं, लेकिन राजनीति में उनकी भागीदारी काफी कम है। इसलिए सभी लोग आगामी विधानसभा चुनाव में जागरुक होकर विधानसभा में अपने प्रतिनिधि अधिक से अधिक संख्या में भेजने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि आमतौर पर चर्चा होती है कि अल्पसंख्यक वर्ग जिस ओर झुक जाएगा, सरकार उसी की बन जाएगी, जबकि प्रदेश में मात्र 15 प्रतिशत ही अल्पसंख्यक हैं, इस लिहाज से हम अल्पसंख्यकों से अधिक हैं, फिर भी सरकार गठन में हमारे हस्तक्षेप की चर्चा नहीं होती है, इसके कारणों पर विचार करना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की चाबी वैश्य समाज के हाथ में है।
इससे पूर्व शहर आगमन पर स्वाभिमान यात्रा का जगह-जगह गर्मजोशी से स्वागत किया गया। टाउनहाल पहुंचने पर यात्रा में शामिल प्रतिनिधियों ने अमर शहीदों, महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। राजीव कृष्ण अग्रवाल के संचालन में हुए कार्यक्रम मे वेद प्रकाश गुप्ता, सुरेश सिंघल, दुर्गेश गुप्ता, अनुज गुप्ता, हरीओम गुप्ता, संजय गुप्ता, मनोज गुप्ता, विनोद गुप्ता, सचिन बाथम, अनिल गुप्ता, रोजा चेयरमैन अजय गुप्ता, लक्ष्मण गुप्ता, सुधीर गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, विमल गुप्ता, संतोष गुप्ता, अरुण गुप्ता, रजनीश गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, नरेश चंद्र गुप्ता, दिलीप गुप्ता, किशोर गुप्ता समेत बड़ी संख्या में वैश्य समाज के लोग मौजूद रहे।