हिंदी को उसका खोया सम्मान मिलना चाहिए
उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की ओर से हिंदी दिवस पर हुए समारोह में वरिष्ठ कवि डॉ. राजकुमार शर्मा, डॉ. चंद्रमोहन दिनेश और रंगकर्मी ज़रीफ मलिक आनंद को हिंदी सेवा सम्मान और कीर्तिशेष कवि अग्निवेश शुक्ल के पुत्र आयुष शुक्ला को हिंदी सेवा स्मृति सम्मान से अलंकृत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कृष्णा राज ने कहा कि हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा है, लेकिन आज उसे उसका सम्मान नहीं मिल पा रहा है, यह चिन्ता का विषय है। हिंदी हृदय की भाषा है। इसलिए उसे उसका खोया गौरव मिलना ही चाहिए।
एक होटल में हुए समारोह की अध्यक्षता करते हुए पूर्व गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद ने कहा कि हिंदी जन-जन की भाषा है। यदि हम अपने अंदर थोड़ा सा सुधार कर लें, तो हिंदी को उसका सम्मान व अधिकार मिलने में कोई देर नहीं लगेगी। विशिष्ट अतिथि हरदोई के सांसद अंशुल वर्मा ने कहा कि हिंदी अपनी पहचान की मोहताज नहीं है, लेकिन हम स्वयं हिंदी बोलने में हीनता का एहसास करते हैं। डीएम राम गणेश ने कहा कि हिंदी हमारी मातृ भाषा है, उसे सही दर्जा दिलाने में साहित्यकारों एवं पत्रकारों का विशेष योगदान हो सकता है।
इससे पूर्व कवयित्री उर्मिला श्रीवास्तव ने मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सुनील अग्निहोत्री, प्रेस क्लब के अध्यक्ष सरदार शर्मा, डॉ. अनुराग अग्रवाल, डॉ आफ्ताब अख्तर, अशोक गुप्ता समेत बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे।