शाहजहांपुर। तापमान में उछाल आने के साथ ही फॉल्टों की झड़ी लग गई है। लोकल फॉल्ट के कारण बिजली ठप होने से लोगाें को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।
अब्दुल्लागंज के केरूगंज फीडर पर दोपहर बाद बिजली गुल हो गई। बिजली के जाते ही लोगों ने उपकेंद्र पर कॉल करना शुरू कर दिया। भीषण गर्मी में बिजली जाने से लोग परेशान हो उठे। इसी तरह मोहल्ला भाटन टोला में बंच लाइन जलने से आपूर्ति बाधित हो गई। निगोही रोड उपकेंद्र पर बाईबाग फीडर चिनौर पर बंच केबल डालने के चलते बिजली बंद रही। बादशाहनगर उपकेंद्र के ग्राम नौसिया में आठ दिन से बिजली नहीं आने से उपभोक्ता ने ट्वीट कर शिकायत की।
आंधी से पेड़ गिरा, पांच बिजली के खंभे टूटे, बिजली ठप
जैतीपुर। क्षेत्र में आधी रात को आई आंधी ने भिटारा गांव में काफी नुकसान पहुंचाया। तेज हवा के चलते एक गूलर का पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आकर बिजली लाइन के पांच खंभे टूट गए। एक खंभा गांव निवासी अशोक कश्यप के मकान पर जा गिरा, जिससे मकान पर पड़ी टिनशेड क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि हादसे के दौरान घर में मौजूद परिजन बाल-बाल बच गए। पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से पूरे गांव की विद्युत आपूर्ति रात से ही बाधित है। वहीं मुख्य सड़क पर खंभा गिर जाने से आवागमन भी प्रभावित हो गया है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ट्रांसफॉर्मर हटाने पहुंचे जेई को घेरा, रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया
सिंधौली। ग्राम कटिया बुजुर्ग गांव में ट्रांसफाॅर्मर बदलवाने के लिए ग्रामीणों ने जेई का घेराव किया। साथ ही सड़क पर जाम लगा दिया। मामले में जेई ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
गांव में कंपोजिट विद्यालय के समीप तिराहे पर 25 किलोवाट का ट्रांसफाॅर्मर लगा है। ग्रामीणों के मुताबिक, ट्रांसफाॅर्मर ओवरलोड होने से आए दिन फुंक जाता है। विगत दिवस फुंका ट्रांसफाॅर्मर सोमवार की दोपहर बदला गया। लेकिन उसी समय क्षेत्रीय चिनौर डिवीजन के जेई संजीव शर्मा मौके पर आए और 25 किलोवाट की जगह धोखे से 63 किलोवाट का ट्रांसफाॅर्मर लगने की बात बताई।
पुरानी क्षमता का ट्रांसफाॅर्मर फिर से लगाए जाने का ग्रामीण विरोध करने लगे। आरोप है कि जेई वीडियो बनाते हुए ग्रामीणों को प्राथमिकी दर्ज कराने की धमकी देने लगे। इससे नाराज ग्रामीणों ने विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जेई का घेराव कर लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाने का प्रयास किया।
ग्रामीण सहमत होने के बजाये सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। इसी दौरान एसडीओ लिखी सफेद बोलेरो गाड़ी को आता देख ग्रामीण गाड़ी की ओर दौड़ पड़े। इसके बाद शाहजहांपुर की तरफ से आई गाड़ी रास्ता बदलकर इमलिया हमीदपुर की तरफ चली गयी।
ग्रामीणों के अनुसार, ट्रांसफाॅर्मर पर निगम ने निर्धारित संख्या से अधिक कनेक्शन जोड़ दिए हैं। इस कारण ट्रांसफाॅर्मर कई बार फुंक चुका है। सोमवार को जब उच्च क्षमता का ट्रांसफाॅर्मर लग गया तो उसे हटाने की कोशिश की गई।
देर शाम उच्चाधिकारियों से मिले निर्देश के बाद अधिकारियों ने लगाए जा चुके 63 किलोवाट ट्रांसफाॅर्मर पर सहमति दे दी। दूसरी ओर जेई संजीव शर्मा ने सिंधौली थाने में पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर रोड जाम कर शांतिभंग करने, अभद्रता आदि गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।