पुवायां। बंडा बिलसंडा मार्ग पर गांव मकसूदापुर में शारदा नहर पुल के पास तेजी से सड़क का कटान हो रहा है। कटान से पुल की जड़ भी खोखली हो रही है। गांव अजोधापुर जाने वाले रोड का भी बहुत तेजी से कटान हो रहा है, इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
मकसूदापुर में शारदा नहर पुल के पश्चिम से गांव अजोधापुर जाने के लिए रोड है। पुल के पास कई माह से नहर के पानी से रोड के नीचे से मिट्टी कटान हो रहा है। इससे पूरा रोड कट जाने की आशंका पैदा हो गई है। कटान से नहर के पुल की नींव भी खोखली होती जा रहा है। इसी तरह नहर के दूसरी तरफ गांव सरिया को जाने वाले मार्ग पर भी बहुत तेजी से कटान हो रहा है।
इस मार्ग से गांव अजोधापुर, नटिउरा, डिमरई, कैथ भगौतीपुर, बाजारपुर बहेड़ा, कुआटांडा, ररूआ आदि कई गांवों के लोगों का आवागमन रहता है। गांव के लोगों का कहना है कि नहर विभाग के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
-
नहर के पानी से रोड का तेजी से कटान हो रहा हे। अंदर कटान होने से रोड अचानक धंस जाएगी। इससे बड़ा हादसा हो सकता है। अगर कोई हादसा हो गया तो नहर विभाग जिम्मेदार होगा।
-कुलदीप सिंह, गांव अजोधापुर बंडा
-
शारदा नहर के पानी से कई दिनों से कटान हो रहा हैं। नहर विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। अंजान व्यक्ति सड़िया गांव की तरफ मुड़ने पर गहरे गड्ढे में गिर सकता है। कटान से पुल भी खतरे में है।
-गुरविंदर सिंह, गांव सड़िया बंडा
---
मैं इस समय प्रशिक्षण पर हूं। शारदा नहर से हो रहे कटान की जानकारी उच्चाधिकारियों को देकर जल्द काम शुरू करा दिया जाएगा।
-विपिन कुमार वर्मा, सहायक अभियंता शारदा नहर खंड शाहजहांपुर