पुवायां के विद्युत उपकेंद्र पर एसडीओ से वार्ता करते करणी सेना के कार्यकर्ता। संवाद
पुवायां। बिजली कटौती से नाराज करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर प्रदर्शन किया और शेड्यूल के अनुसार बिजली नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस दैरान कार्यकर्ताओं की एसडीओ राजू कुमार से नोकझोंक भी हुई।
करणी सेना के जिलाध्यक्ष सुभाष सिंह के नेतृत्व में बृहस्पतिवार दोपहर कार्यकर्ता विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उमस के बीच बार-बार बिजली गुल होने से उपभोक्ताओं के साथ ही व्यापारियों को भी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली कटौती पर रोक नहीं लगी और व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो करणी सेना आंदोलन करेगी। इसकी जिम्मेदारी विद्युत निगम के अधिकारियों की होगी।
एक्सईएन पुनीत निगम ने कहा कि उत्पादन कम होने के कारण सभी जगह आपूर्ति कम मिल रही है। जल्द समस्या दूर होने की उम्मीद है।