शाहजहांपुर। कांवड़ यात्रा की तैयारियों के मद्देनजर डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कलक्ट्रेट स्थित सभागार में बैठक की। उन्होंने विद्युत निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले ढीले तारों को सही किया जाए। ट्रांसफाॅर्मर खुले न रहें और खंभों पर पॉलीथिन बांधी जाए। प्रमुख स्थानों पर सीसी कैमरे लगाए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं 25 तक पूरी कर ली जाएं।
डीएम ने कहा कि अल्हागंज, जलालाबाद, कांट, बरेली मोड़, हथौड़ा और जरियनपुर में कांवड़ यात्रा शिविर बनाए जाएं। इस प्रकार कांवड़ मार्ग पर प्रत्येक सात से आठ किमी पर रैनबसेरा, शौचालय, स्नानघर और चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने के साथ चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की जाए। सभी खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने के साथ दुकानदारों का आईडी कार्ड जारी किया जाए। इस दौरान एसपी सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी, एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र आदि अधिकारी मौजूद रहे।
-
एसपी ग्रामीण ने देखा कांवड़ रूट
खुटार। एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे अरुण ने खुटार से गोला और खुटार-पूरनपुर मार्ग का निरीक्षण कर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान गोला व पूरनपुर के सीओ भी मौजूद रहे। संवाद