शाहजहांपुर। वित्त सुरेश कुमार खन्ना ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जल निगम ग्रामीण और शहरी की ओर से कराए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और पेयजल पाइपलाइन बिछाने के बाद मरम्मत कार्य में लापरवाही और सभी घरों तक पानी की आपूर्ति न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने 20 जुलाई तक सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
मंत्री ने निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य और हर घर तक पानी पहुंचाने का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समय से पूरा किया जाए। पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में पाइपलाइन बिछाने के बाद खराब सड़कों और अधूरी मरम्मत का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री ने संबंधित संस्था को एक सप्ताह के भीतर सभी शिकायतों का समाधान करने का निर्देश दिया।
डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने जल निगम शहरी और ग्रामीण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल योजनाओं से जुड़ी सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। इस दौरान नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी, डीएफओ सचिन कुमार आदि मौजूद रहे।