हिंदू जागरण मंच ने कांवड़ यात्रियों को सुरक्षा और सुविधाएं मुहैया कराने तथा पशुओं की हत्याएं रोके जाने की मांग को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा गया।
हिंजामं कार्यकर्ता जिला संयोजक सर्वेश चंद्र मिश्र उर्फ धांधू के नेतृत्व में कलक्ट्रेट में एकत्र हुए। वहां पहुुंचकर उन्होंने नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। एडीएम को दिए गए ज्ञापन में कांवड़ यात्रियों के मार्ग में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने, श्रद्धालुओं के साथ अभद्र व्यवहार न करने, धार्मिक आयोजनों में भेदभाव नहीं करने, कांवड़ियों के भारी जत्थों को पुलिस का संरक्षण दिए जाने, उच्च न्यायालय के आदेशानुसार निश्चित आवाज के साथ डीजे बजाने की अनुमति दिए जाने आदि मांगें शामिल की गई हैं।
प्रदर्शन करने वालों में ज्ञानेश मिश्रा, ओएन सक्सेना, अजय अग्निहोत्री, प्रदीप मिश्रा, विनोद सक्सेना, तुषार बाल्मीकि, राज कुमार वर्मा, पिंटू यादव, मोहित मिश्रा, अनिल द्विवेदी, अशोक पासवान, रवि सिंह, प्रदीप पांडेय, बृजेश प्रजापति आदि शामिल रहे।