एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण कैंप में मंगलवार को डिप्टी डायरेक्टर जनरल ब्रिगेडियर एचएमएस छतवाल ने निरीक्षण किया। इस बीच उन्होंने गर्ल्स कैडेट्स को महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने के लिए प्रेरित किया।
ब्रिगेडियर छतपाल के बटालियन पहुंचने पर सीओ कर्नल अनिल शर्मा, कर्नल वीके सिंह, कर्नल एसके सिंह, कर्नल संजय यादव ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कर्नल शर्मा से कैंप में चल रहीं गतिविधियों की जानकारी ली। ब्रिगेडियर ने कैडेट्स को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। कहा कि कैंप के माध्यम से आत्मविश्वास के साथ एक समूह में काम करने की भावना पैदा होती है। साथ ही नेतृत्व गुण और देशभक्ति की भावना भी जागृत होती है। एक-दूसरे के साथ काम करके ही जोखिम उठाने की क्षमता पैदा होती है। इसलिए सभी कैडेट्स पूरी निष्ठा, ईमानदारी और लगन से कैंप की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करें। कैंप दंडपाल मेजर अनिल मालवीय ने रिपोर्ट प्रस्तुत की। लेफ्टिनेंट बारिश ए जेम्स, लेफ्टिनेंट दीप्ति जैन, लेफ्टिनेंट राना बानो, सूबेदार मेजर भारत सिंह, सुमेर सिंह, सतीश चंद्र, कश्मीर सिंह आदि का योगदान रहा।