कांट। लिपुलेख-भिंड हाईवे के किनारे स्थित यहां के रोडवेज बस स्टेशन परिसर का बहुत जल्द कायाकल्प होगा और यात्री सुविधाओं के विकास से वह नए कलेवर में नजर आएगा। ददरौल क्षेत्र के विधायक अरविंद कुमार सिंह ने बस स्टेशन के आधुनिकीकरण के लिए शासन से 2.87 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत कराया है। कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस की देखरेख में बहुत जल्द निर्माण कार्य शुरू हो जाने की उम्मीद है।
कांट स्टेशन परिसर काफी पुराना है, लेकिन वहां पेयजल, बैठने के लिए पर्याप्त शेड, विश्रामालय आदि यात्री सुविधाएं नदारद हो चुकी हैं। यही नहीं, स्टेशन परिसर काफी नीचा होने से बरसात के दौरान आसपास का पानी वहीं इकट्ठा हो जाता है।
जलभराव के कारण यात्रियों को अंदर जाना भी कठिन होता है। इसलिए स्टेशन परिसर में लंबे समय से बसें भी नहीं जा रही हैं। इन्हीं खामियाें को दूर कराने के लिए क्षेत्रीय विधायक ने पिछले दिनों परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से भेंट कर उन्हें पत्र सौंपा था। परिवहन मंत्री ने विधायक के अनुरोध को स्वीकार कर बस स्टेशन के लिए बजट को मंजूरी दिलाई।
आधुनिकीकरण से होंगे कई फायदे
बस स्टेशन परिसर में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए वहां मिट्टी का भराव कराकर फर्श ऊंचा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त वहां प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, पेयजल और खान-पान के लिए कैंटीन की व्यवस्था होगी। इससे बसें स्टेशन परिसर में आने से हाईवे पर जाम नहीं लगेगा। सुविधाएं बढ़ने से यात्रियों की संख्या बढ़ने से लोड फैक्टर बढ़ेगा और विभाग को इसका लाभ मिलेगा। आधुनिकीकरण के बाद बसों का यातायात प्रबंधन बेहतर होगा। आसपास के दुकानदारों को भी परोक्ष लाभ होगा।
मैंने अपने विधानसभा क्षेत्र में शामिल कांट बस स्टेशन के आधुनिकीकरण के लिए पिछले वर्ष परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से भेंट की थी। उस दौरान उन्हें पत्र के माध्यम से बस स्टेशन का महत्व बताया था। परिवहन मंत्री का आभार है कि उन्होंने व्यापक हित में बस स्टेशन के लिए बजट को स्वीकृति दिलाई। बहुत जल्द निर्माण कार्य का शिलान्यास होगा।
-अरविंद कुमार सिंह, विधायक