रोजा में रेलवे साइडिंग के रैक प्वाइंट पर लगा जाम। स्रोत : जागरूक पाठक
रोजा। गेहूं की रेलवे रैक की लोडिंग के दौरान शुक्रवार को सुबह ट्रकों की कई कतारें एक साथ लग जाने से रेलवे साइडिंग के रैक प्वाइंट पर फिर जाम लग गया। इस कारण रोजा-जमुका दोराहा मार्ग पर करीब छह घंटे तक यातायात बाधित रहा। कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस को जाम खुलवाने में कामयाबी मिल सकी।
रोजा से जमुका दोराहे मार्ग पर साइडिंग एरिया के रैक प्वाइंट पर जाम लगना रोजमर्रा की समस्या बन गई है। कोई रैक लगने पर लोडिंग व अनलोडिंग के लिए आने वाले ट्रकों के चालक धर्मकांटा पर तौल कराने की जल्दबाजी में अपने वाहन मार्ग पर रोक लेते हैं। बृहस्पतिवार को इसी वजह से राहगीरों को कई घंटे जाम का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को सुबह गेहूं की रैक लोड होने पर भी ट्रक चालकों ने यही किया।
उन्होंने अपने वाहन धर्मकांटा के पास रोकने शुरू किए तो सुबह आठ बजे से मार्ग पर ट्रकों की कई कतारें लग गईं और अन्य वाहनों को निकलने का रास्ता नहीं मिला। दिन में दो बजे तक जाम लगा रहा। इस दौरान रेलवे अथवा आरपीएफ का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
जाम की सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने सिपाहियों को मौके पर भेजा। बाद में किसी तरह जाम में फंसे वाहन आगे बढ़ सके। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार बृहस्पतिवार को जाम की वजह बने कई वाहनों के चालान किए गए और आज भी वहां सिपाही भेजे गए।