शाहजहांपुर। ककरा स्थित पुल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। एप्रोच रोड का डामरीकरण होना है। ओवरब्रिज के शुरू होने के बाद ई-बसों के संचालन में आ रही दिक्कतें कम होने की उम्मीद है।
गर्रा नदी में आने वाली बाढ़ के खतरे से बचाव के लिए ककरा पुल को ऊंचा करने के लिए मार्च में बंद कर दिया गया था। इसके चलते ई-बसों की आवाजाही पर संकट मंडराने लगा। बसाें को वैकल्पिक रास्तों से निकाला गया। बारिश होने पर स्थिति खराब होने से संचालन बंद करना पड़ा था।
फिलहाल ई-बसों को राजघाट चौकी के पास से निकाला जा रहा है। संकरा रास्ता होने के कारण बसों के आवागमन में परेशानी आ रही है। इसके अलावा चार्जिंग स्टेशन तक आने-जाने में भी दिक्कत होती है। रास्ता खराब और संकरा होने के कारण बसों में तकनीकी खराबी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
ई-बस प्रभारी गुलशन कुमार ने बताया कि ककरा पुल का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। मिट्टी डालने के बाद रास्ते पर आवागमन की स्थिति बन सकती है। यहां से बसों का संचालन शुरू करने के लिए जिलास्तरीय अधिकारियों से अनुमति ली जाएगी। अनुमति मिलने के बाद ई-बसों को नए मार्ग से संचालित किया जा सकेगा। ककरा पुल से ई-बसों का संचालन शुरू होने के बाद यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और बसों के संचालन में भी आसानी होगी।