तिलहर (शाहजहांपुर)। एक गांव की 12 वर्षीय बालिका से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में पकड़े गए पांच बाल अपचारी मोबाइल पर साथ में आपत्तिजनक वीडियो देखते थे। पुलिस ने तीन बाल अपचारियों को रविवार को किशोर न्यायालय में पेश किया। बाद में न्यायालय के आदेश पर तीनों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया। इसी मामले में पकड़े गए दो अन्य बाल आरोपियों की आयु की पुष्टि की जा रही है। गांव के स्कूल का रिकाॅर्ड खंगालने के साथ ही पुलिस आगे की कार्रवाई के लिए बालिका की मेडिकल रिपोर्ट मिलने का इंतजार कर रही है। पीड़िता मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही है।
बालिका की मां ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वह गत शुक्रवार को किसी काम से अपने मायके गई हुई थीं। उसी शाम घर लौटने पर पुत्री रोती हुई मिली। पूछने पर उसने बताया कि गांव के पांच बालक उसे बहला-फुसलाकर गन्ने के खेत में ले गए और वहां उसके साथ सभी ने दुष्कर्म किया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पांचों आरोपी बालकों से पूछताछ शुरू की। शनिवार को बालिका का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। हालांकि, मेडिकल रिपोर्ट अभी पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि बालिका सही तरीके से पूरा घटनाक्रम नहीं बता सकी। इसीलिए उसकी मेडिकल रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि तीन बाल अपचारियों को किशोर न्यायालय के आदेश पर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है जबकि दो अन्य बाल आरोपियों की आयु की पुष्टि की जा रही है।
दोनों आरोपियों के स्कूल से उनके जन्मतिथि से संबंधित अभिलेख मंगाए गए हैं। बालिका की मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।