निगोही। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक समेत एक बाल अपचारी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से बरामद बाइक के संबंध में तिलहर थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को तिलहर थाना क्षेत्र के गांव सतनुआ निवासी रामजी ने बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार दोपहर करीब 12 बजे ग्राम बिरासिन के पास वाहन चेकिंग के दौरान किशोर बाइक लेकर आता दिखाई दिया। बाइक पर पुलिस लिखा हुआ था। शक होने पर पुलिस ने उसे रोककर कागजात मांगे तो वह सकपका गया। बाइक का नंबर चेक करने पर उसके चोरी की होने की पुष्टि हुई। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि बाल अपचारी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया। संवाद