कटरा-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर एक बुजुर्ग को रोडवेज बस ने कुचल दिया। वह गैस एजेंसी से सिलेंडर लेने गए थे। इस हादसे के बाद रोडवेज चालक बस लेकर मौके से भाग गया।
हरदोई के थाना पचदेवरा के गांव भांवर निवासी करीब 60 साल के श्रीराम मंगलवार दोपहर करीब दो बजे तांगे पर सिलेंडर लादकर गैस एजेंसी गए थे। वहां उन्होंने सिलेंडर तथा साथ में लाए झोला गोदाम के सामने रख दिया और खुद रोड पार करके लघुशंका करने चले गए। लौटते वक्त वह बरेली की ओर जा रही रोडवेज बस की चपेट में आकर रोड पर गिए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले तो बस चालक ने ब्रेक लगाए, लेकिन कुछ सेकेंड में ही उसने गेयर डालकर बस दौड़ा दी। इससे उसी बस का पहिया श्रीराम के ऊपर से उतर गया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। यह हादसा इतना बीभत्स हुआ कि बस से कुचलने पर श्रीराम का सिर गायब हो गया शरीर रोड पर चिपक गया। वहां मौजूद लोगों के अनुसार यदि चालक बस लेकर न भागता तो श्रीराम के मामूली चोट लगकर जान बच सकती थी। काफी देर तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। बाद में पुलिस की सूचना पर पहुंचे मृतक के परिवार में वालों ने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।