नए साल का स्वागत करने के लिए विभिन्न संस्थाओं ने कार्यक्रम आयोजित किए। कहीं मुशायरा हुआ तो कहीं खाने-पीने का दौर चला। शराब के नशे में जब कदम लड़खड़ाए तो फिर पुलिस ने दबोच लिया। कुछ का चालान हुआ तो कुछ सिफारिश पर छोड़ दिए गए। हालांकि पुलिस की सख्ती इस बार काम आई। बिना किसी बवाल के नए साल का जशभन शांति से निपट गया। शनिवार रात कोतवाली पुलिस नए साल का जशभन मनाने वालों की निगरानी में घूम रही थी। रात करीब 11.30 बजे पुलिस टीम मिशन स्कूल फील्ड के पास पहुंची तो वहां नीरज कुमार शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। पुलिस ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह पुलिस से अभद्रता करने लगा। इस पर पुलिस नेे उसे हिरासत में ले लिया। सुबह उसका धारा 34 में चालान कर दिया गया। कुछ युवक नशे में तीन सवारियां बैठाकर बाइक से फर्राटा भरते मिले तो पुलिस ने उन्हें भी रोक लिया। सदर बाजार थाना पुलिस ने दो वाहनों का चालान कर दिया और इस दौरान दो सौ रुपये का जुर्माना भी वसूला। रात लगभग दो बजे तक चले चेकिंग अभियान में शराब के नशे में कई लोग और भी पुलिस के हत्थे चढ़े। इनमें से कुछ को तो हिदायत देकर छोड़ दिया गया तो कुछ को सिफारिश पर छोड़ा गया। कई प्वाइंटों पर खड़ी यूपी 100 डायल की गाड़ियां भी नए साल में सुरक्षा व्यवस्था में मदद के तौर पर महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आईं।
नव वर्ष के जश्न के मद्देनजर पुलिस को पूरी तरह अलर्ट रहने को कहा गया था। इस वजह से शराब पीकर सड़क पर कोई हुड़दंग नहीं कर पाया। कोतवाली क्षेत्र में एक युवक हुड़दंग कर रहा था। उसके खिलाफ धारा 34 में कार्रवाई की गई है।- केबी सिंह, पुलिस अधीक्षक, शाहजहांपुर