शासन से संयुक्त गन्ना आयुक्त डॉ. वीबी सिंह और उप गन्ना आयुक्त डॉ. दिनेश्वर मिश्र ने शासकीय योजना को भौतिक सत्यापन को सोमवार को जिले का दौरा किया एवं स्थलीय निरीक्षण किया। चीनी मिल निगोही के गांव राघौपुर सिकंदरपुर में गन्ना सर्वेक्षण, गांव सतवां खुर्द में किसान कालीचरण का पेड़ी प्रदर्शन प्लांट और छोटे लाल की आधार पौधशाल का निरीक्षण संतोष व्यक्त किया। ग्राम ढकिया तिवारी में प्रगतिशील किसान सतेंद्र सिंह के फार्म पर ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली से गन्ने के फसल के चौंकाने वाले बढ़वार को देखकर अधिकारियों ने सराहना की। यहां इस सिंचाई विधि से लेट से बोए गन्ने की बढ़वार अगाती बोए गए गन्ने से अच्छी मिली। उन्होंने चीनी मिल प्रबंधन टीम को इसके लिए बधाई दी। फिर विभागीय स्तर पर कराई जा रही गोष्ठियों का निरीक्षण करने के क्रम में ग्राम ढकिया तिवारी में हो रही गोष्ठी का जायजा लिया। वहां करीब ढाई सौ किसान मौजूद थे। जिला गन्ना अधिकारी बीके पटेल ने विभाग द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी। अध्यक्षता गांव के शेर बहादुर सिंह ने की। बैठक में रोजा के गंजेंद्र कटियार, गन्ना विकास निरीक्षक विजयपाल, वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक आशीष त्रिपाठी, डीडी शर्मा आदि मौजूद थे।
सफाई कर्मी निलंबित
शाहजहांपुर। सिंधौली के ग्राम पंचायत कठपुरा में तैनात किए गए सफाई कर्मी नेकपाल द्वारा तैनाती के बाद से ही वहां काम न किए जाने पर गंभीर संज्ञान लेते हुे जिला पंचायतराज अधिकारी बनवारी सिंह ने सोमवार को उसे निलंबित कर दिया। इस एडीओ पंचायत सिंधौली की ओर से गत दो जुलाई को आख्या दी गई थी। निलंबन की अवधि तक नेकपाल को एडीओ पंचायत सिंधौली कार्यालय से संबद्ध किया गया है।