जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में छात्रों की राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के खिलाफ कई संगठन बुधवार को सड़क पर उतर आए। हिंदू शक्ति दल के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में जेएनयू प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन में देशद्रोह को बढ़ावा देने वाली ताकतों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की। उधर, एसएस कॉलेज के छात्रों ने जेएनयू प्रशासन समेत इस मुद्दे पर राजनीति करने वाले नेताओं के पुतले फूंके।
स्वामी शुकदेवानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय और उससे संबद्ध एसएस लॉ कालेज के छात्र दिन में करीब 11 बजे कक्षाएं छोड़कर बाहर निकल गए और गेट पर इकट्ठे होकर जेएनयू में राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस बीच, छात्रों ने जेएनयू प्रशासन, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और नीतीश कुमार के पुतले तैयार कर उन्हें आग के हवाले कर दिया।
इस मौके पर छात्र नेता राजकमल वाजपेयी ने कहा कि शहीदों की नगरी के विद्यार्थी इस तरह की घटनाओं का मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र को चुनौती देने वाली घटनाओं पर किसी भी पार्टी के नेता द्वारा ओछी राजनीति सहन नहीं की जाएगी। प्रदर्शन में रूपेश वर्मा, अभिषेक पांडेय, आकाश तिवारी, अंशुल त्रिवेदी, अनूप वर्मा, दीपक कुमार, अंकित अग्रवाल, अक्षय मिश्रा, विकास त्रिपाठी, वैभव खन्ना आदि शामिल रहे।
इस बीच, हिंदू शक्ति दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष मनोज अग्निहोत्री के नेतृत्व में कलक्ट्रेट जाकर नारेबाजी की। ज्ञापन में प्रधानमंत्री से जेएनयू को दी जा रही आर्थिक सहायता बंद किए जाने, कश्मीर के अलगाववादी नेता मसर्रत आलम और उसके साथियों को फांसी देने आदि मांगें की गई हैं। प्रदर्शन में आशीष हिंदू, शिवनंदन सागर, अवधेश दीक्षित, अरविंद मिश्रा, श्याम मोहन, संजीव हिंदू, दिलीप गुप्ता, राहुल गुप्ता, दिलीप श्रीवास्तव, गगन दीप आदि शामिल रहेे।