भावलखेड़ा (शाहजहांपुर)। थाना आरसी मिशन क्षेत्र के गांव कनेंग के पास ई-रिक्शा पर बैठे दंपती के बैग से करीब 2.50 लाख रुपये के जेवर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हरदोई जिले के थाना शाहाबाद क्षेत्र के गांव बारीपुर निवासी बालकृष्ण उर्फ अंकित दूसरे प्रांत में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। करीब एक सप्ताह के लिए पत्नी के साथ छुट्टी पर यहां आए थे। हरदोई बाइपास चौराहे से घर जाने के लिए ई-रिक्शा पर बैठ गए। यहीं से दो युवतियां भी ई-रिक्शा पर बैठीं।
कुछ दूर चलने के बाद गांव कनेंग के पास दोनों युवतियां उतर गईं। इसके बाद जब बालकृष्ण ने अपना बैग चेक किया तो उसमें रखे करीब 2.50 लाख रुपये के जेवर नदारद थे। दंपती ने तत्काल थाना आरसी मिशन जाकर घटना की तहरीर दी। पुलिस ने न ही रिपोर्ट दर्ज की और न ही खुलासे में कोई दिलचस्पी दिखाई।
बालकृष्ण के मुताबिक उसे थाने से कोई सही जवाब नहीं मिल रहा है। वह थाने के चक्कर लगा रहा है। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस को मौके पर भेजा गया था। ई-रिक्शा का पता नहीं चल पा रहा है। जांच की जा रही है।