मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। बरेली के नरियावल अड्डा जाने के लिए ऑटो से जा रही महिला के बैग से लाखों के आभूषण चोरी हो गए। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने कटरा चौराहे पर लगे सीसी कैमरों को चेक किया।
बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के गांव उड़ला जागीर निवासी रिफाकत अली की पत्नी शबाना बेगम अपनी मां रुखसाना बेगम के साथ 28 अक्तूबर को शादी में शामिल होने खुदागंज गईं थी। शनिवार सुबह घर जाने के लिए खुदागंज से कटरा चौराहा स्थित ओवरब्रिज के नीचे मां-बेटी वाहन का इंतजार कर रहीं थीं।
इस दौरान एक ऑटो चालक आया। उसने मां-बेटी को बैठाकर उनका बैग छत पर रख दिया। इसके बाद ऑटो चालक उन्हें नरियावल में उतारकर चला गया। इसके बाद शबाना बेगम ने जब बैग खोला तो आभूषण नदारद थे। उन्होंने पति को बुलाया और कटरा पहुंचीं। ऑटो चालक के खिलाफ प्रार्थना पत्र देते हुए कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि बैग में 14 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण थे। थाना प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि ऑटो चालक का पता लगाया जा रहा है।