फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुवायां में नकदी, जेवर सहित 25 लाख की संपत्ति चोरी

Mon, 19 Feb 2018 08:22 PM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,शाहजहांपुर
विज्ञापन
loot site
विज्ञापन
कोतवाली से चंद कदम दूर एक डॉक्टर के आवास का रविवार रात को ताला तोड़ चोरों ने नकदी, जेवर सहित करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। डॉक्टर के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। 
विज्ञापन

कोतवाली क्षेत्र के निगोही रोड पर डॉ. हरीश दीक्षित का क्लीनिक और आवास है। रविवार रात परिवार के लोग एक शादी समारोह में शामिल होने मोहम्मदी गए थे। वहीं पास में ही रहने वाले अस्पताल कर्मी अतुल को डॉक्टर के परिजन घर को चेक करते रहने की जिम्मेदारी सौंप गए थे। अतुल के मुताबिक रात दो बजे तक डॉ. हरीश दीक्षित के मकान में ताले लगे हुए थे। इसके बाद रात में चोरों ने मकान के ताले तोड़ दिए और अंदर घुसकर तीन अलमारियों आदि में रखी नकदी, जेवर सहित तमाम कीमती सामान चोरी कर लिया। सोमवार सुबह अतुल अस्पताल खोलने पहुंचे तो ताले टूटे देख डॉ. हरीश को जानकारी दी। डॉ. हरीश दीक्षित के पुत्र धीरज ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच करने की जरूरत नहीं समझी और पहले तहरीर देेने को कहा। तहरीर देने पर एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और चोरी की जानकारी ली। धीरज के अनुसार लगभग पांच लाख की नकदी और 20 लाख के जेवर चोरी हुए हैं।
बड़ी चोरी हो जाने की सूचना पर एएसपी सुभाषचंद्र शाक्य, सीओ जितेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। जिला मुख्यालय से डॉग स्क्वॉयड और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ भी मौके पर पुहंचे और जांच की। चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एएसपी ने चोरी के खुलासे के लिएी कई टीमों को लगाया है।
विज्ञापन


चोरी होने से बची रिवाल्वर और बंदूक
चोर डॉ. हरीश दीक्षित के घर की सभी अलमारी नहीं तोड़ सके, जिससे एक अलमारी में रखा रिवाल्वर और बंदूक चोरी होने से बच गया। चोर आधी रात के बाद घर में घुसे और कई घंटे तक चोरी की घटना को अंजाम देते रहे। इसके बाद चार बजे के बाद लोगों के उठ जाने की आशंका के चलते चोरों ने तीन अलमारियों का माल समेट लिया और खिसक लिए। घर में रखी एक अन्य अलमारी में रिवाल्वर, बंदूक सहित चांदी के जेवर आदि रखे हुए थे, लेकिन चोर इस अलमारी को नहीं तोड़ सके।

अधिकारियों की फटकार पर सक्रिय हुई पुलिस
चोरी के मामले की जानकारी पाकर डॉ. हरीश दीक्षित वापस घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी तो पुलिस मौका मुआयना करने तक में टालमटोल करती रही। इसके बाद विधायक चेतराम ने एसपी केबी सिंह को चोरी के बारे में बताते हुए पुलिस के रवैया पर नाराजगी जताई। विधायक ने एएसपी केबी सिंह से भी बात की। इसके बाद अधिकारियों ने पुलिस को कड़ी फटकार लगाई, तब जाकर पुलिस एक घंटे बाद सक्रिय हुई और मौका मुआयना कर तहरीर ली।

48 घंटे में खुलासा नहीं हुआ तो कोतवाली का होगा घेराव
व्यापार मंडल अध्यक्ष केके लील ने चेतावनी दी है कि डॉ. हरीश दीक्षित के घर हुई चोरी का 48 घंटे में खुलासा कर चोरी गया जेवर, नकदी बरामद नहीं की गई तो कोतवाली का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी चोरी की तमाम घटनाएं हो चुकी हैं। चोरी के बाद पुलिस गश्त बढ़ाने की बात कहती है, लेकिन कुछ दिन बाद फिर मामला जस का तस हो जाता है।

छ्ट्टी पर गए इंस्पेक्टर तो सोती रही पुवायां पुलिस

कहने को तो पुवायां कस्बे को तीन जोन में बांट कर गश्त होती है, लेकिन यह सब कागजों में ही होता है। हकीकत यह है कि आधी रात के बाद नगर की सुरक्षा व्यवस्था रामभरोसे हो जाती है और पुलिसकर्मी अपने कमरों में आराम फरमाने चले जाते हैं।
चोरियों की वारदात बढ़ने पर पुवायां को तीन जोन में बांट कर हर जोन में एक एक दरोगा को गश्त का जिम्मा देकर सिपाही और होमागार्डों को लगाया गया था, लेकिन कुछ ही दिन बाद गश्त कागजों में होने लगी। रविवार को कोतवाली प्रभारी अशोक सोलंकी अवकाश पर गए तो पुलिसकर्मियों ने भी लापरवाही बरत डाली और चोरी की बड़ी घटना हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें