डीएम अंकल! स्कूल से छुट्टी होने के बाद हम रोजा राजीव चौक पर जाम में फंस जाते हैं, जिससे हमें घंटों परेशान होना पड़ता है। घंटों जाम में फंसने पर पुलिस अंकल भी मदद को देर से आते हैं। जाम के झाम से आप ही हमें निजात दिला सकते हैं।
सोमवार को दिन में एक बजे राजीव चौक पर लंबा जाम लग गया। इस दौरान स्कूलों में छुट्टी होने पर कई स्कूल वाहन भी जाम में फंस गए। कुछ ही देर में खुटार, शाहजहांपुर, निगोही, बंडा और तहसील रोड पर लंबा जाम लग गया। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन इस बीच बाइक और कार चालकों ने वाहन आड़े तिरछे लगा दिए, जिससे स्थित और ज्यादा खराब हो गई।
जाम में फंसे एक पब्लिक स्कूल के वाहन में बैठे बच्चे काफी देर हो जाने से परेशान हो उठे और बोले कि डीएम अंकल सभी की समस्या का निराकरण कराते हैं, लेकिन पुवायां मेें जाम की समस्या से वह लोग रोज परेशान होते हैं, उन्हें डीएम अंकल जाम से निजात कब दिलाएंगे। जाम में कैंब्रिज कॉन्वेंट स्कूल, लिटिल फ्लावर कॉन्वेंट स्कूल, दि सेक्रेड हार्ट एकेडमी आदि के वाहन भी जाम में फंस गए। लगभग डेढ़ घंटे बाद जाम को बमुश्किल खुलवाया जा सका। राजीव चौक पर अतिक्रमण के चलते दिन भर में कई बार जाम जैसी स्थित बन जाती है, लेकिन इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान देने की जरूरत नहीं समझते हैं। भूसी से भरे ओवरलोड और ओवरहाइट ट्रक राजीव चौक से निगोही और शाहजहांपुर की ओर जाते हैं। यह ट्रक अक्सर जाम की वजह बनते हैं। गन्ने की ट्रालियां भी जाम का कारण बनती हैं। राजीव चौक पर खड़े होने वाले डग्गामार वाहन, ठेले, खोमचे वालों के कारण भी जाम लग जाता है।