फिर चली जेसीबी, अतिक्रमण ढहाकर मलबा हटाया
जिला प्रशासन, नगरपालिका परिषद और पुलिस की साझा टीम ने दो दिन में अतिक्रमणकारियों को स्वत: चिन्हांकित अतिक्रमित भूभाग से कब्जा हटाने की मोहलत देने के बाद शनिवार तीसरे पहर फिर एक्शन में आई। दो दिनों में भी सड़क की जमीन पर कब्जा कर एक होटल मालिकान द्वारा बनाए गए बेसमेंट के ऊपरी हिस्से को टीम ने जेसीबी से ढहवा दिया। साथ ही सड़क की जमीन पर लगे प्रतिष्ठान के बिजली मीटर व अन्य उपकरणों को खुद ही हटाने के लिए 12 घंटे का अल्टीमेटम सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह ने होटल मालिक को अल्टीमेटम दिया।
इसी रोड पर सड़क किनारे के फुटपाथ पर बने प्रतिष्ठानों की सीढ़ियां भी टीम ने शनिवार को ढहाईं। हालांकि इससे पहले ही प्रतिष्ठान वाले अपने स्तर पर मजदूरों से सीढ़ियों और अवैध कब्जे को हटाने में लगे थे, लेकिन प्रशासनिक टीम ने उनके काम में जानबूझकर बरती जा रही सुस्ती पर कड़ा संज्ञान लिया। यहां सरकारी नाले की चौड़ाई के अतिक्रमित भूभाग की राजस्व विभाग के स्टाफ ने अधिकारियों की मौजूदगी में पैमाइश की। अतिक्रमित भूभाग का चिन्हांकन दिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि रविवार से नाले पर हुए अतिक्रमण को हटाया जाएगा और सरकारी भूभाग पर अवैध कब्जेदारों के खिलाफ समुचित विधिक कार्रवाई भी होगी। जल निकासी व्यवस्था को ठप करने वाले अतिक्रमणकारियों का नाम सूचीबद्ध किया गया है। अभियान में डिप्टी कलक्टर जय प्रकाश, पालिका परिषद से कुलभूषण वर्मा, विजय शुक्ला, सदर बाजार थाना के इंस्पेक्टर केके वर्मा आदि शामिल थे।
गोविंदगंज मार्केट में अतिक्रमणकारियों को चेताया
शाहजहांपुर। सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह की अगुवाई में जिला प्रशासन, नगरपालिका परिषद और सदर बाजार थाना की साझी टीम ने शनिवार शाम को सदर बाजार गोविंदगंज मार्केट का निरीक्षण किया। अतिक्रमण कर रखे दुकानदारों से मिलकर उन्हें स्वत: ही अपना अवैध कब्जा हटा लेने को कहा। साथ ही चेताया कि अगली बार से दुकान के बाहर सामान की प्रदर्शनी लगी मिली तो जुर्माने के साथ ही विधिक कार्रवाई भी होगी। मार्केट में सरकारी नाले और नाली के ऊपर बना लिए गए दुकान व प्रतिष्ठानों के काउंटरों को भी चिन्हित कर लिया गया। यहां अतिक्रण हटाने के अभियान की तिथि अभी घोषित नहीं की गई है।
कर रखे दुकानदारों को सिटी मजिस्ट्रेट ने दी चेतावनी