पुवायां रोड पर गांव पैना बुजुर्ग स्थित पॉवर कारपोरेशन की ट्रांसमिशन विंग के 220 केवी सब स्टेशन के यार्ड में रखे 40 एमवीए के ट्रांसफार्मर का जंपर शुक्रवार को सुबह हीट अप होने के बाद तेज धमाके के साथ जल गया। इसी के साथ वहां रखे करंट ट्रांसफार्मर का जंपर भी उड़ गया। इस खराबी के चलते शहर के पांच सब स्टेशनों के इनकमिंग फीडर ठप हो जाने से तमाम मोहल्लों और कालोनियों की बत्ती गुल हो गई। सब स्टेशन ऑपरेटर से सूचना पाकर एक्सईएन ट्रांसमिशन यार्ड में पहुंचे। उन्होंने फाल्ट ठीक कराकर दोपहर 1.30 बजे सप्लाई शुरू कराई, लेकिन कुछ देर बाद ही दो घंटे की कटौती लागू कर दी गई। पॉवर कारपोरेशन के शहरी डिस्ट्रीब्यूशन डिवीजन मेें शामिल 132 केवी के चिनौर सब स्टेशन समेत शहर में 33 केवी क्षमता के सभी सात सब स्टेशनों को बिजली देने के लिए पैना ट्रांसमिशन स्टेशन के यार्ड में 40-40 एमवीए क्षमता वाले दो ट्रंासफार्मर लगाए गए हैं। 40 एमवीए के एक ट्रांसफार्मर से 132 केवी सब स्टेशन समेत गोविंदगंज और बहादुरगंज सब स्टेशन संबद्ध किए गए हैं। 40 एमवीए के दूसरे ट्रांसफार्मर से निगोही रोड गदियाना, हथौड़ा, ककरा कलां, अब्दुल्लागंज और रोजा सब स्टेशनों को जोड़ा गया है। सुबह दस बजे तक पैना यार्ड में दोनों ट्रांसफार्मर ठीक तरह से काम करते रहे। अचानक यार्ड में धमाका होने पर पैनल रूम में मौजूद एसएसओ ने यार्ड में जाकर देखा तो दूसरे ट्रांसफार्मर के पास धुआं उठता दिखाई दिया। एसएसओ ने एक्सईएन ट्रांसमिशन सुनील कुमार को सूचना दी तो खराबी जांचने के लिए वह तत्काल यार्ड में पहुंचे। फौरी जांच से पता चला कि 40 एमवीए के दूसरे ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड पपडने से उसका जंपर जल गया है। यह भी पता चला कि इसी ट्रंासफार्मर से जुड़े करंट ट्रांसफार्मर का जंपर भी डैमेज हुआ है। खराबी का आकलन करने के बाद एक्सईएन ने तत्काल लाइन स्टाफ को फाल्ट ठीक करने में जुटा गया। इस खराबी के चलते शहर के तमाम मोहल्लों और कालोनियों में तीन घंटे तक बत्ती गुल रही। हालांकि, दोपहर डेढ़ बजे के बाद केबिल ठीक करके 40 एमवीए के ट्रांसफार्मर पर लोड डाल दिया गया, लेकिन 15 मिनट बाद ही दो घंटे की नियमित कटौती लागू कर दी गई। इस कारण प्रभावित क्षेत्रों को शाम चार बजे के बाद बिजली मिल पाई।
इन सभी क्षेत्रों में रहा बिजली का संकट
पैना पॉवर स्टेशन में आई खराबी के कारण शहर के ककरा कलां, ककरा खुर्द, अब्दुल्लागंज, गर्रा फाटक, बाला तिराही, गदियाना, बीबीजई हद्दफ, सुभाषनगर, प्रोफेसर कालोनी, मदरा खेल, तिलहर जई, लोहारों का चौराहा, आनंदपुरम, आजादपुरम, विवेक विहार, फजीतापुर, मोहम्मद जई, अजीजगंज, बक्सरिया, चौक, मतानी, रोजा, प्रेमनगर कालोनी, आदर्श नगर कालोनी, चौक की स्टेट बैंक कालोनी आदि क्षेत्रों मेें सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक लोग बिजली को तरस गए।
ओवरलोडिंग से उड़े जंपर ठीक करने में लगा वक्त
सुबह 10.05 बजे 40 एमवीए के एक ट्रांसफार्मर और उसकी सीटी में लगे जंपर जल जाने से 33 केवी की कई लाइनों से होने वाली बिजली सप्लाई में व्यवधान पड़ा। फाल्ट ठीक कराने का काम तुरंत शुरू कराए जाने के बावजूद 40 एमवीए के भारी भरकम ट्रांसफार्मर में जंपर लगाए जाने में थोड़ा वक्त लगना स्वाभाविक है।
-सुनील कुमार, एक्सईएन, ट्रांसमिशन, पॉवर कारपोरेशन