मीरानपुर कटरा में नेशनल हाईवे पर ट्रक पलटने से लगा जाम
- फोटो : SHAHJAHANPUR
मीरानपुर कटरा। हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग के पास नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह गत्ते से भरा ट्रक पलट गया। जिसकी वजह से वाहनों का आवागमन ठप हो गया। नतीजतन नेशनल हाईवे पर जाम लग गया। करीब चार घंटे बाद पुलिस ने क्रेन बुलाकर ट्रक को हटवाकर रास्ता साफ कराया। इस बीच पुलिस ने एक तरफ से वाहनों को निकालना शुरू कर दिया था।
बाराबंकी से गत्ता लादकर पंजाब जा रहा ट्रक शनिवार को सुबह करीब सात बजे हुलासनगरा रेलवे क्रासिंग पार करके बरेली की ओर बढ़ रहा था। तभी पंजाब के अमृतसर निवासी चालक सोनू ट्रक पर नियंत्रण खो बैठा। जिसकी वजह से ट्रक हुलासनगरा गांव के सामने नेशनल हाईवे पर पलट गया। ट्रक के पलटते ही बरेली की ओर से आने वाले भारी वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। जिसके चलते नेशनल हाईवे पर जाम लग गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को ओवरब्रिज की दूसरी साइड से निकलवाना शुरू किया। सुबह करीब 11 बजे पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाकर रास्ता साफ कराया। इसके बाद यातायात सुचारु हो सका।