कलान में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर लगा जाम। स्रोत : जागरूक पाठक
कलान। नगर की आबादी के बीच से निकले मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे वाले चौराहे पर यात्री वाहनों और फल-सब्जी के ठेले आड़े-तिरछे खड़े होने से सोमवार दिन में 3:30 बजे जाम लग गया। हाईवे पर करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगे रहने से चौराहे से निकला परौर मार्ग भी जाम हो गया।
इस दौरान चौराहे पर होमगार्ड और पीआरडी के जवान ड्यूटी पर होने के बाद भी असहाय बने रहे और जाम नहीं खुलवा सके। शाम पांच बजे भीड़ कम होने पर जाम में फंसे वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ सके। शाम पांच बजे क बाद हाईवे और परौर मार्ग पर यातायात सामान्य हो गया।
नगर पंचायत ने कुछ दिन पहले सोमवार तक हाईवे के किनारे से अतिक्रमण हटाने का लाउडस्पीकर से प्रचार कराया, लेकिन जाम लगने पर भी अवैध कब्जे हटाने की जरूरत नहीं समझी गई। प्रभारी निरीक्षक प्रभाष चंद्र के अनुसार जाम की समस्या खत्म करने के लिए नगर पंचायत से सामंजस्य बनाकर जल्द ही अतिक्रमण हटाया जाएगा। संवाद