मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। हाईवे स्थित हुलासनगरा रेलवे फाटक दिक्कतें कम नहीं हो रही हैं। रोड पर बने गड्ढों और जल्दी-जल्दी फाटक बंद होने से लगभग रोजाना ही जाम लगता है। वृहस्पतिवार को फाटक बंद होने के बाद काफी देर तक जाम लगा रहा। इसकी वजह से देर शाम तक वाहन रेंगते रहे। उधर, मीरानपुर कटरा के मुख्य चौराहे भी शाम को जाम लगा।
लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग के दोनों तरफ करीब पांच सौ मीटर के दायरे में गड्डे हैं। ओवरब्रिज का निर्माण चलने से जगह-जगह सड़क टूटी है। गड्ढों और सड़क टूटी होने से अक्सर भारी वाहन खराब हो जाते हैं। बृहस्पतिवार शाम बरेली की तरफ जा रहा एक ट्रक गड्ढों की वजह से बंद हो गया। चालक ने किसी तरह ट्रक को निकाला। कुछ देर ट्रैफिक चला होगा, जिसके बाद रेलवे फाटक बंद हो गया। आगे पीछे कई ट्रेनें गुजरने से फाटक काफी देर बंद रहा। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। इस बीच छोटे वाहन चालक इधर-उधर से घुस गए, जिससे पूरा रोड जाम हो गया। फाटक खुलने के बाद ट्रैफिक चालू हुआ, लेकिन देर शाम तक वाहन रेंगते रहे।
उधर, मीरानपुर कटरा मुख्य चौराहे पर ओवरब्रिज का निर्माण चलने से खुदाई के बाद दोनों तरफ की सर्विस रोड संकरी हो गई है। इसकी वजह से वाहनों की थोड़ी संख्या बढ़ते ही जाम लग जाता है। बृहस्पतिवार शाम चौराहे पर जाम लगा तो इंस्पेक्टर खुद टीम के साथ चौराहे पर जा पहुंचे। हालांकि पुलिस ने कुछ देर मशक्कत के बाद ट्रैफिक व्यवस्था संभाल ली।