जलालाबाद में वाल्मीकि मंदिर के पास निरीक्षण करते प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर। संवाद
जलालाबाद। नगर में चल रही रामलीला में बृहस्पतिवार को दशहरे पर रावण वध के बाद उसके पुतले का दहन किया जाएगा। इस दिन रामलीला मैदान पर भारी भीड़ जुटने के मद्देनजर बुधवार को प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने मेला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ मेला स्थल सहित उधर जाने वाले मार्गों का जायजा लिया और वाहनों को रोकने के लिए चार स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से मेला परिसर में चार पहिया वाहनों समेत बाइकों का प्रवेश भी प्रतिबंधित किया जाएगा। इसके लिए बरेली हाईवे पर कुशवाहा छात्रावास वाली गली, सुजावलपुर गांव की तरफ से आने वाले मार्ग, वाल्मीकि मंदिर और बाबूराम स्कूल के पास बैरिकेडिंग कर पुलिस की तैनाती की जाएगी। बड़े वाहनों के लिए वाल्मीकि मंदिर से पहले और दोपहिया वाहनों के लिए मेला स्थल के पास पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। मेला प्रबंधक कमल सक्सेना ने बताया कि बृहस्पतिवार को रावण वध का मंचन होगा और सूर्यास्त से पहले रावण के पुतले का दहन कर आतिशबाजी का प्रदर्शन भी किया जाएगा। संवाद