शाहजहांपुर। राजकीय व निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में चौथे चरण की प्रवेश प्रक्रिया को शुरू कर दिया है। संस्थान ने 15 अगस्त तक पोर्टल को खोल दिया है। इसमें नए आवेदन के साथ ही फॉर्म संशोधन का मौका भी दिया गया है।
तीन चरणों में चली प्रवेश प्रक्रिया में सीटें भर नहीं पाई हैं। रोजा आईटीआई में 120 सीटें खाली हैं। यहां पर 473 के सापेक्ष 353 सीटों पर प्रवेश हुए हैं। इसी तरह पुवायां में 147 और जलालाबाद में 181 सीटें खाली हैं।
रोजा आईटीआई में मैन्यूफैक्चरिंग प्रोसेस कंट्रोल, ड्राफ्टमैन एवं मैकेनिक, टर्नर, प्लंबर, इम्ब्राडरी, स्वींग टेक्नोलॉजी, मशीनिस्ट, पेंटर संवर्ग में सीटें खाली हैं। सीटों के नहीं भरने पर सोमवार से चौथे चरण की प्रवेश प्रक्रिया को शुरू किया गया। प्रधानाचार्य अरविंद सिंह ने बताया कि 11 से 15 अगस्त तक पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थियों के फॉर्म संशोधन व नवीन फार्म भरने के लिए पोर्टल खोला गया है।
चौथे चरण में ऐसे अभ्यर्थियों को मौका दिया है, जिन्होंने आईटीआई में फॉर्म नहीं भरा है। वह अपना नवीन आईटीआई फाॅर्म ऑनलाइन भरकर प्रक्रिया में प्रतिभाग कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में पंजीकृत अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र को संशोधन भी कर सकते हैं। 15 अगस्त के बाद गत वर्षों की तरह अभ्यर्थियों को पोर्टल से अपना रैंक स्लिप निकालकर प्रवेश के लिए संस्थान आना होगा।