त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में वैसे तो कलक्ट्रेट में दिनभर लोगों की चहल-पहल रहती है। जबकि रविवार को सन्नाटा रहा, लेकिन चुनाव संबंधी काम बदस्तूर जारी रहा। एडीएम वित्त एवं राजस्व की उपस्थिति में चुनाव कक्ष में द्वितीय चरण के प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच का काम हुआ।
चुनाव आयोग द्वारा जारी किए चुनावी कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार और सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच होनी है। पहले दिन हुई जांच में कोई नामांकन रद्द होने की सुगबुगाहट तक नहीं मिली। अभी जांच का काम सोमवार को भी चलेगा। सही स्थिति का पता सोमवार को अधिकृत रूप से होने वाली घोषणा के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल कलक्ट्रेट में एसडीएम कक्ष में एडीएम एफआर पीके श्रीवास्तव, कृषि अधिकारी निखिलानंद पांडेय, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट, तहसीलदार सदर समेत तमाम कर्मचारियों ने नामांकन पत्रों की जांच का काम जारी रखा। इस बीच जिला पंचायत सदस्य पद के लिए ददरौल प्रथम से नामांकन कराने वाले कमल यादव, मुकेश वर्मा समेत कई प्रत्याशी अपने समर्थकों समेत कलक्ट्रेट में ही डटे रहे।
अजय प्रताप ने मांगे वोट
जिला पंचायत सदस्य पद के लिए भावलखेड़ा प्रथम के भाजपा समर्थित प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह यादव ने अपने समर्थकों के साथ काजीपुर, गौटिया, दौलतपुर, पौना, सुंदर नगर आदि गांवों में वोट मांगे। इस दौरान भानु प्रताप सिंह, अजय सिंह, अकील, अशरफ अली, जितेंद्र सिंह, जितेंद्र त्रिपाठी, ओमकार सक्सेना आदि भी साथ रहे।