खुटार में गांव कोल्हूगाढ़ा के पास काटे गए आम के पेड़। संवाद
खुटार। बौर लदे आम के 40 से अधिक पेड़ काटे जाने की शिकायत पर एसडीओ ने टीम गठित कर जांच के आदेश दिए हैं।
बृहस्पतिवार को गांव कोल्हूगाढ़ा के पास आम के कई पेड़ काट डाले गए। गांव के लोगों ने बौर लदे पेड़ काटे जाने पर आपत्ति जताई तो ठेकेदार ने बताया कि उद्यान विभाग की जांच में आम के कलमी पेड़ो की रिपोर्ट के बाद उसको परमिट जारी किया गया है। इसके तहत ही पेड़ कटवाए गए हैं। उसने कटान रुकवाने से इन्कार कर दिया। इसके बाद गांव के लोगों ने मामले की शिकायत वनकर्मियों से करते हुए बताया कि बौर लदे पेड़ काटे नहीं जा सकते हैं। परमिट भी जारी नहीं हो सकता है। लोगों ने जांच कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन कोई भी वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे नाराज लोगों ने मामले की शिकायत अधिकारियों से की थी।
अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए टीम का गठन किया है। वन विभाग के एसडीओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया है कि शिकायत मिली थी। डिप्टी रेंजर विकास प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन कर जांच के आदेश दिए गए हैं। टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। परमिट की शर्ते भी देखी जाएंगी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।