शाहजहांपुर। शहर की सड़कों में पाइप लाइन डालने के नाम पर खोदकर छोड़ने के मामले में ओम इंफ्रा के अधिकारियों पर तीन मुकदमे दर्ज होने के मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। सदर पुलिस ने संबंधित कार्यालय में पहुंचकर जांच भी की है।
थाना सदर बाजार में जल निगम के जूनियर इंजीनियर शहबाज खां ने फर्म मैसर्स ओम इंफ्रा, डीजीएम अनिल मिश्रा, रवि पांडेय व साइट इंजीनियर प्रतीक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें खोदी गई सड़कों को सही करने में लापरवाही का आरोप लगाया है। जूनियर इंजीनियर हितेश कुमार ने कार्यदायी संस्था ओम इंफ्रा व इंजीनियर रवि पांडेय और जूनियर इंजीनियर शैलेंद्र कुमार ने फर्म, डीजीएम अनिल मिश्रा, डीपीएम रवि पांडेय, परशुराम, साइट इंजीनियर प्रतीक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इसमें अलग-अलग स्थानों पर सड़क की खोदाई के बाद रोड को ऐसे ही छोड़ देने का आरोप लगाया है। तीनों ही मुकदमों में पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।