शाहजहांपुर। भाजपा के बूथ अध्यक्ष कोविद तिवारी की मौत के मामले में जांच ने तेजी पकड़ ली है। रविवार को पुलिस टीम ने इस मामले में कई लोगों से पूछताछ की। हत्यारोपियों की तलाश में दबिशें भी दी हैं, लेकिन कोई नहीं मिला।
बुधवार की शाम चौक कोतवाली के मोहल्ला बाबूजई निवासी 25 वर्षीय ट्रांसपोर्ट मैनेजर एवं भाजपा के बूथ अध्यक्ष कोविद तिवारी की बग्गू घाट स्थित खन्नौत नदी में डूबकर मौत हो गई थी। भाई शोभित कुमार तिवारी ने मोहल्ला बिजलीपुरा निवासी नासिर, राशिद उर्फ जुनैद, मोहल्ला हयातपुरा निवासी इमरान, शब्लू व एक अन्य पर डुबोकर हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बताया था कि उसके भाई को फोन कर सभी लोगों ने खन्नौत नदी स्थित बग्गूघाट पर बुलाया। आरोप लगाया था कि सभी लोगों ने भाई कोविद की जेब से 60 हजार रुपये, मोबाइल व पर्स लूटकर उसे नदी में डुबो कर मार दिया। इस बीच पहुंचे तीन पुलिसकर्मियों की भूमिका को संदिग्ध बताया था। उसी रात हुए पोस्टमाॅर्टम के बाद दूसरे दिन पुलिस सुरक्षा में शव का अंतिम संस्कार किया गया था।
पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका है। इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई हैं।