एसडीएम ने लेखपाल से दोनों जगह जमीनों का कराया सीमांकन
संवाद न्यूज एजेंसी
तिलहर। प्रस्तावित गोशाला और अमृत सरोवर की जमीनों पर अवैध कब्जे की शिकायतों की जांच शुरू हो गई है। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को एसडीएम सदानंद सरोज ने राजस्व और नगर पालिका टीम के साथ दोनों जगह जाकर चिह्नांकित की गई जमीनों की पैमाइश कराने के साथ ही उनका सीमांकन कराया।
एसडीएम शुक्रवार को सुबह नगरपालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी सत्येंद्र प्रकाश और राजस्व टीम के साथ पहले बरखेड़ा जयपाल मार्ग पर स्थित बिरिया बाबा देवस्थल पहुंचे। वहां करीब 25 बीघा जमीन गोशाला निर्माण के लिए आरक्षित की गई थी। मौके पर लेखपाल से भूमि की पैमाइश कराने पर पता चला कि काफी जमीन कुछ लोगों ने जोत रखी है।
एसडीएम ने गोशाला के लिए चिह्नांकित जमीन का अपने सामने सीमांकन कराया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को भूमि अभिलेखों को दुरुस्त रखने और आगे की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
बाद में एसडीएम मीरानपुर कटरा क्षेत्र के गांव फीलनगर पहुंचे। वहां अमृत सरोवर तालाब पर अवैध कब्जे की शिकायत की जांच के लिए तालाब की पैमाइश कराई। इस दौरान तालाब की जमीन पर कई जगह कंडों-उपलों का ढेर लगा मिला। मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। एसडीएम ने अवैध कब्जेदारों को तालाब से बेदखल कर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने चेतावनी दी कि आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।