शाहजहांपुर में बुधवार को यूपी बोर्ड की परीक्षा अंग्रेजी विषय का पेपर खत्म होने के बाद मिलान करती
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। बलिया में इंटरमीडिएट के अंग्रेजी विषय का पेपर लीक होने के बाद परीक्षा को निरस्त कर दिया गया था। बुधवार को अंग्रेजी विषय की पुन: परीक्षा कराई गई। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
जिले के 127 परीक्षा केंद्रों पर बुधवार को प्रथम पाली में सुबह आठ बजे से परीक्षा हुई। पूर्वाह्न 11:15 बजे परीक्षा समाप्त होने पर परीक्षार्थी केंद्र से बाहर निकले तो उनके चेहरे पर संतुष्टि साफ दिख रही थी। परीक्षार्थियों ने बताया कि अंग्रेजी विषय का पेपर सामान्य रहा। परीक्षा कंट्रोल रूम प्रभारी व जीआईसी प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने बताया कि अंग्रेजी विषय की पुन: परीक्षा में 29636 पंजीकृत थे, इनमें से 27387 ने परीक्षा दी। 2249 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से हुई। कहीं से कोई नकलची पकड़े की सूचना नहीं है।
उधर, कांट जीआईसी में परीक्षा कोविड गाइडलाइन का पालन कराते हुए परीक्षा कराई गई। अंग्रेजी विषय की परीक्षा में पंजीकृत परीक्षार्थी 202, उपस्थित 198 और अनुपस्थित चार रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक शौकीन सिंह यादव, स्टेटिक मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार ने परीक्षा-केंद्र का सघन निरीक्षण किया।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं समाप्त, अब मूल्यांकन की बारी
बुधवार को यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं संपन्न हो गईं। अब मूल्यांकन की तैयारियां शुरू हो गई। डीआईओएस शौकीन सिंह यादव ने बताया कि बोर्ड दिशा-निर्देश जारी होते ही मूल्यांकन केंद्र निर्धारण और उत्तरपुस्तिकाओं को भेजने का काम शुरू करवा दिया जाएगा। मूल्यांकन के लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी।